प्रताप पंवार, उत्तरकाशी।
उत्तराखंड कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा अपने गढ़वाल क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय उत्तरकाशी पहुंचे। उत्तरकाशी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने माहरा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश उपाध्यक्ष विजयपाल सिंह सजवाण की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान चुनावी समीक्षा पर भी विस्तृत चर्चा हुई। स्थानीय स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक की चुनावी रणनीति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने अपनी बात रखी। मौके पर मौजूद पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने उनके समक्ष क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ उन तमाम कार्यकर्ताओं की बात को रखा, जिन्होंने हरपल निस्वार्थ भाव से पार्टी को हर एक परिस्तिथि में मजबूती देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान उनकी पहली प्राथमिकता है।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगमोहन रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, नगरपालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल, शहर अध्यक्ष दिनेश गौड़, ब्लॉक अध्यक्ष कमल सिंह रावत, दिनेश चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीना नौटियाल, अनु जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनोज मिनान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष राणा सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ
Please Leave a comment below in the box and share your feedback with us.