प्रकाश रांगड़, उत्तरकाशी
प्रदेश भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन के बाद अब जिला इकाइयों के पुनर्गठन को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। जल्द ही उत्तरकाशी में भी भाजपा के नए जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। इस बार भाजपा का नया जिलाध्यक्ष कौन होगा, इसके लिए इसी माह के अंत तक इंतजार खत्म होने की संभावना है।
दरअसल, उत्तरकाशी जिले से इस बार आठ लोगों के नामों का पैनल प्रदेश नेतृत्व को सौंपा गया है। इसे लेकर पार्टी मंथन में जुट गई है और संभव है कि दशहरा या नवरात्र तक नए जिलाध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।
पैनल में जिन लोगों के नाम गए हैं, उनमें जिले की गंगा घाटी में भटवाड़ी से जगमोहन सिंह रावत, पूर्व नगर अध्यक्ष उत्तरकाशी जयवीर चौहान, जिला महामंत्री हरीश डंगवाल, चंडी प्रसाद बेलवाल, पूर्व जिला महामंत्री विजय बहादुर सिंह रावत तथा यमुना घाटी से वर्तमान जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, वरिष्ठ नेता सत्येंद्र राणा और मनवीर विघाणा का नाम शामिल है।
भाजपा में जिलाध्यक्ष को लेकर हमेशा ही उत्तरकाशी की राजनीति गंगा घाटी और यमुना घाटी में विभाजित रही है। लिहाजा, सवाल यह भी है कि इस बार जिलाध्यक्ष यमुना घाटी से होगा या गंगा घाटी से। देखा जाए, तो पिछले दो भाजपा जिलाध्यक्ष लगातार यमुना घाटी से चुने गए। जिनमें वर्तमान जिलाध्यक्ष रमेश चौहान और पूर्व अध्यक्ष श्याम डोभाल रहे। ऐसे में इस बार गंगा घाटी से जिलाध्यक्ष बनाने को लेकर अंदरखाने खासा जोर लगाने की कोशिश हो रही है। हालांकि, प्रदेश नेतृत्व राजनीतिक संतुलन साधते हुए इसका फैसला करेगा।
माना जा रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ऐसा जिलाध्यक्ष अपनी टीम में देखना चाहते हैं, जो आगामी नगर परिषद, पंचायती राज और लोकसभा चुनाव में पार्टी को जिला स्तर पर मजबूती प्रदान कर सके। इन सबके बावजूद उत्तरकाशी से जितने भी नाम प्रदेश नेतृत्व को मिले हैं, उनमें सभी भाजपा के पुराने और वरिष्ठ चेहरे हैं, जिनकी जिला भाजपा संगठन के तौर पर कार्यकर्ताओं और जनता के बीच अच्छी खासी पकड़ है। इसके साथ ही, पिछले 10-15 वर्षों से संगठन में सक्रिय हैं।
इनमें वर्तमान जिलाध्यक्ष रमेश चौहान का नाम दोबारा पैनल में शामिल है। वैसे, उत्तरकाशी भाजपा के इतिहास में दोबारा कोई जिलाध्यक्ष नहीं बना, लेकिन इस बार प्रदेश संगठन का क्या निर्णय होगा, इस पर जिले के सभी भाजपाइयों की पैनी नजर है।
0 टिप्पणियाँ
Please Leave a comment below in the box and share your feedback with us.