Ad

Ad
Powered by U Times

उत्तरकाशी: नागेंद्र के भाजपा जिलाध्यक्ष बनने से गंगा घाटी में सूखा हुआ खत्म

प्रकाश रांगड़, उत्तरकाशी 

प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने जिला इकाइयों के पुनर्गठन पर काम करते हुए देर सवेर जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी। उत्तरकाशी में इस बार गंगा घाटी से नागेंद्र चौहान के नाम जिलाध्यक्ष की घोषणा से घाटी के भाजपाइयों में खुशी की लहर है। इससे पहले यमुनाघाटी से लगातार तीन बार जिलाध्यक्ष रहे। 


U Times, No.1

इस बार उत्तरकाशी में भाजपा का नया जिलाध्यक्ष कौन होगा, इसको लेकर लंबे समय से चली आ रही चर्चाओं पर प्रदेश भाजपा ने सोमवार को सूची जारी करते हुए विराम लगा दिया। इसके साथ ही बीजेपी के नए जिलाध्यक्ष का इंतजार भी खत्म हुआ। 

उत्तरकाशी में जिलाध्यक्ष के ऐलान पर बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ ही राजनीति में खासी दिलचस्पी रखने वालों की नजरें टिकी हुईं थी। ऐसा इसलिए भी कि, उत्तरकाशी की राजनीति हमेशा से ही यमुनाघाटी और गंगाघाटी में विभाजित रही है। लिहाजा, दोनों घाटी में जिलाध्यक्ष की पैरोकारी को लेकर अंदर ही अंदर खासा जोर लगाया गया। अंततः, गंगाघाटी से पार्टी में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे नागेंद्र चौहान के नाम की घोषणा हुई। 

दरअसल, पिछले तीन भाजपा जिलाध्यक्ष लगातार यमुनाघाटी से ही चुने गए। यमुनाघाटी से इससे पहले रमेश चौहान, श्याम डोभाल और सतेंद्र राणा जिलाध्यक्ष रहे। लेकिन इस बार गंगाघाटी में नागेंद्र चौहान के नाम की घोषणा से लंबे इंतजार के बाद यह सूखा खत्म हुआ है। इससे पहले यहां गंगाघाटी से बैसाखू लाल आखिरी बार जिलाध्यक्ष चुने गए थे। 

सोमवार को ज्ञानसू स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ती रावत ने जिलाध्यक्ष के रूप में नागेंद्र के नाम की घोषणा की। 
घोषणा के बाद नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान के लिए संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती भी रहेगी। चूंकि आने वाले समय में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भी नजदीक हैं।  


भाजपाइयों ने जताई खुशी

भाजपा के जिला महामंत्री नागेंद्र चौहान के नाम जिलाध्यक्ष की घोषणा पर भाजपाइयों ने खुशी व्यक्त की है। पार्टी कार्यालय स्थित ज्ञानसू में भाजपाइयों ने उनको मिठाई खिलाकर बधाइयां दी। पार्टी कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, सीएम धामी के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट आदि ने उनके जिलाध्यक्ष बनने पर खुशी व्यक्त कर उन्हें बधाई दी। 

भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने इस अवसर पर पूर्व विधायक स्व. गोपाल सिंह रावत को याद करते हुए उन्हें अपना राजनीतिक गुरू बताया। उन्होंने कहा कि संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करूंगा। 

...
1992 में भाजपा से जुड़े गए थे नागेंद्र

भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान वर्ष 1992 में भाजपा में शामिल हो गए थे। चौहान पार्टी में 33 वर्षों से विभिन्न पदों पर रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शुरुआत में आरएसएस से भी जुड़े रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री आदि पदों पर रहने के बाद उन्हें जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ