प्रकाश रांगड़, उत्तरकाशी
नगर पालिका बाड़ाहाट बोर्ड ने शहर की सारी सार्वजनिक लाइटें बंद कर दी है। इसके चलते नगर की सड़कों और गलियों में अंधेरा पसर गया है। इसके साथ ही नगर पालिका बोर्ड के सफाई कर्मचारी संगठन ने कल बुधवार से साफ सफाई से भी हाथ खड़े कर दिए हैं। डोर टू डोर भी कूड़ा नहीं उठेगा। यह निर्णय अनिश्चितकालीन के लिए लिया गया है।
हनुमान चौक पर कूड़ा निस्तारण की मांग को लेकर पिछले 57 दिन से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे आंदोलनकारी इसकी वजह बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आंदोलनकारी आज पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान के आवास पर पहुंचे और वहां नारेबाजी कर आंदोलन किया, जिससे नाराज होकर बोर्ड ने यह निर्णय लिया है। बोर्ड ने इसे आंदोलनकारियों की अभद्रता करार दिया है। लोकतांत्रिक ढंग के विपरीत आंदोलन करने का आरोप लगाया।
आंदोलनकारियों के खिलाफ बोर्ड ने कड़ी कार्रवाई की मांग रखी है। पालिका के सफाई कर्मचारी संगठन ने भी लिखित रूप में शहर की सफाई से इनकार कर दिया है। पालिका बोर्ड के अधिकारी कर्मचारियों ने सभी सेवाएं बाधित रखने का फैसला लिया है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शालिनी चित्राण ने बोर्ड के इन फैसलों की पुष्टि की है। कहा कि आज ही यह सभी निर्णय बोर्ड ने तय किए हैं।
बता दें कि हनुमान चौक पर पिछले 57 दिन से युवा सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ रावत और उनके समर्थकों का धरना जारी है। तांबाखानी से कूड़ा पूरी तरीके से हटाने की मांग को लेकर यह धरना चल रहा है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि नगर पालिका ने शहर की जनता को गुमराह करने का काम किया है और अभी तक वहां से 60 फीसदी कूड़ा ही उठ पाया है। बाकी कूड़ा जल्द नहीं उठने तक आंदोलन को जारी रखा जाएगा।

0 टिप्पणियाँ
Please Leave a comment below in the box and share your feedback with us.