Ad

Ad
Powered by U Times

चारों धाम साढ़े पांच लाख यात्री पार, उत्तरकाशी में नहीं रोके जाएंगे श्रद्धालु

 प्रकाश रांगड़, उत्तराखंड

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने पीक पर पहुंच चुकी है। चारों धाम में यात्री बड़ी संख्या में धामों के दर्शन को पहुंच रहे हैं। धामों की ओर रूख कर रहे यात्रियों से खासकर उत्तराखंड के चमोली, रूद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिले गुलजार नजर आ रहे हैं। पांचवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ धाम में आज को मिलाकर दो लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर लौट चुके हैं। इसी तरह बद्रीनाथ धाम में डेढ़ लाख से अधिक यात्री पहुंचे हैं, जबकि गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में दो लाख से अधिक यात्री मां गंगा व यमुना के दर्शन कर लौट चुके हैं। उत्तराखंड के इन चारों धाम में अब तक लगभग साढ़े पांच लाख से अधिक यात्री दर्शन कर लौट चुके हैं। इस बार यात्रा शानदार तरीके से आगे बढ़ रही है। 

 

बीते 3 मई को गंगोत्री व यमुनोत्री, 6 मई को केदारनाथ धाम और 8 मई को बैकुंठ धाम बद्रीनाथ के कपाट खुलने पर चारधाम यात्रा का आगाज हुआ। यात्रा शुरू होते ही धामों में दर्शन के लिए देश विदेश के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचने लगे। 15 मई तक के आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम में 1 लाख 86 हजार 668 यात्री दर्शन कर लौट चुके हैं। केदारनाथ में प्रतिदिन 18 से 20 हजार यात्री औसतन पहुंच रहे हैं। बद्रीनाथ धाम में 1 लाख, 42 हजार, 548 यात्री बद्रीविशाल के दर्शन को पहुंचे। बद्रीनाथ में भी 16 से 18 हजार यात्री प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। इसी तरह गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में 1 लाख 90 हजार 489 तीर्थयात्री मां गंगा व यमुना के दर्शन कर लौटे हैं। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में प्रतिदिन 6 से 9 हजार यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

चमोली के आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, उत्तरकाशी के आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल और केदारनाथ धाम के रावल अरविंद शुक्ला ने बताया कि 16 मई तक चारों धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगभग साढ़े पांच लाख पार हो चुकी है। कोविड काल के चलते जिस तरह चारधाम यात्रा बीते दो-ढाई साल तक ठप रही, उससे साफ है कि न सिर्फ उत्तराखंड के चारधाम यात्रा कारोबारियों बल्कि देश विदेश के श्रद्धालुओं को भी चारधाम यात्रा के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार था।

उत्तरकाशी में नहीं रोके जाएंगे बिना पंजीकरण वाले यात्री: एसपी

   Photo: U times

चारधाम यात्रा पर बिना पंजीकरण के आ रहे श्रद्धालुओं को रोके जाने का विरोध जारी है। उत्तरकाशी में सोमवार को इसके विरोध में होटल कारोबारियों ने जल समाधि और प्रदर्शन भी किया। जिसके बाद उत्तरकाशी के पुलिस कप्तान अर्पण यदुवंशी ने एक प्रेस वार्ता कर बताया कि उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री व यमुनोत्री धाम यात्रा पर बिना पंजीकरण के पहुंच रहे यात्रियों को बैरियरों पर नहीं रोका जाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर यह संख्या ज्यादा बढ़ी और धामों में अव्यवस्था फैलती है तो रोकना पड़ेगा। 

Read U Times more news...



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ