Ad

Ad
Powered by U Times

पेपर लीक: सरकारी जमीन पर है हाकम का आलीशान सांकरी रिजॉर्ट, बुलडोजर चलाने से पहले...

 प्रकाश रांगड़, उत्तरकाशी

UKSSSC भर्ती घपले में गिरफ्तार उत्तरकाशी के जखोल जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत का करोड़ों की लागत वाला सांकरी रिजॉर्ट सरकारी जमीन पर बना है। रविवार को मोरी ब्लॉक स्थित सांकरी इलाके में पहुंची उत्तरकाशी जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम ने पूरे दिन हाकम की अवैध कब्जे वाली जमीन का नाप जोख और चिन्हांकन किया।


 नाप जोख करने पर पता चला कि हाकम सिंह ने सांकरी के सिदरी गांव के पास राज्य सरकार की 1.128 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जा किया है। जिस पर उसने तीन भवन बनाए हैं। जबकि वन्य जीव गोविंद पशु विहार राष्ट्रीय पार्क की 0.907 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा किया है। जहां उसने दो भवन व 130 सेब पेड़ों का बागीचा तैयार किया है।  वहीं, हाकम सिंह का आलीशान सांकरी रिजॉर्ट लोनिवि, राजस्व व वन विभाग की भूमि पर संयुक्त रूप से बना है। अवैध कब्जे की पुष्टि के बाद अब प्रशासन ने हाकम सिंह को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि नोटिस का जवाब मिलने के बाद अवैध कब्जा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।


  Photo: U Times

करोड़ों की संपत्ति के मालिक हाकम सिंह को जिला प्रशासन ने जहां एक सप्ताह का नोटिस जारी किया है। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों ने वाइल्ड लाइफ सेक्शन 34 के तहत उसे नोटिस जारी किया है। सांकरी में रविवार को एडीएम तीरथपाल सिंह, वन्य जीव गोविंद पशु विहार के उप निदेशक डीपी बलोनी, राजस्व प्रशासन और पुलिस टीम नाप जोख करने पहुंची थी।


   Photo: U Times

 एडीएम तीरथपाल सिंह ने बताया कि जांच में हाकम सिंह का रिजॉर्ट और अन्य संपति राज्य सरकार की भूमि पर पाई गई है। वन्य जीव विहार राष्ट्रीय पार्क उप निदेशक डीपी बलोनी ने बताया कि विभागीय जमीन पर भी हाकम ने अवैध निर्माण किया है। हाकम के यहां दो-दो नोटिस चस्पा दिए गए हैं। 


   Photo: U Times

अब आगे प्रशासन और वन विभाग हाकम का अवैध कब्जा बुलडोजर लगाकर ध्वस्त करता है या फिर कुछ और तरीके से अवैध कब्जा छुड़वाता है, इस पर सबकी नजर है। डीएम अभिषेक रूहेला ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने पर हाकम को नोटिस दिया है और प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ