Ad

Ad
Powered by U Times

 उत्तरकाशी में अभिनेत्री मधुरिमा संग मनाई मंगसीर बग्वाल, रवाईं में देवलांग पर्व की धूम

U Times, उत्तरकाशी/बड़कोट

उत्तरकाशी में लोगों ने भारतीय फिल्म अभिनेत्री मधुरिमा तुली संग मंगसीर बग्वाल मनाई। रेडियो पर्सनालिटी आरजे काव्या भी बग्वाल कार्यक्रम का हिस्सा बने। शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की झांकी निकाली और जमकर रासौ तांदी नृत्य किया। उधर, रवाईं क्षेत्र में देवलांग पर्व की धूम रही। यहां गैरगांव, गंगटाड़ी और कुथनौर गांव में देवलांग पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी।  

  U Times, No.1

उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में आयोजित मंगसीर बग्वाल कार्यक्रम के दूसरे दिन वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की  झांकी निकाली गई। झांकी में स्थानीय निवासी पारंपरिक परिधानों में सजे नजर आए। देर शाम रामलीला मैदान में सभी ने देवदार तथा चीड़ की लकड़ी से बनाए गए भैलू खेले और पहाड़ी अंदाज में बग्वाल मनाई। अनघा माउंटेन एसोसिएशन की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय मंगसीर बग्वाल कार्यक्रम के दूसरे दिन की शुरूआत गढ़ औखाण से हुई। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों, विद्यालय के छात्रों ने अपनी बोली भाषा में गढ़ ओखाण बोले और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। वहीं सांय को एसोसिएशन की ओर से कंडार देवता मंदिर से पूरे नगर क्षेत्र में माधो सिंह भंडारी व उनकी सेना की सुंदर झांकी शहर के मुख्य मार्गों पर निकाली गई।

  U Times

 इस दौरान विश्वनाथ चौक पर बड़ी संख्या में लोगों ने पारंपरिक नृत्य किया। झांकी कंडार देवता मंदिर, विश्वनाथ चौक होते हुए आयोजन स्थल रामलीला मैदान में पहुंची। पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-दमाऊं एवं रणसिंगे की धुन झांकी में आकर्षण का केंद्र रहे। पूरी झांकी के दौरान बाड़ाहाट, बाड़ागड्डी व सीमांत ब्लॉक मोरी के फते पर्वत से आये कलाकारों ने पारंपरिक रासौ नृत्य किया। मौके पर माउंटेन एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेन्द्र उनियाल, फिल्म अभिनेत्री मधुरिमा तुली, रेडियो पर्सनालिटी आरजे काव्या, काशी विश्वनाथ मंदिर के मंहत अजय पुरी, सुभाष कुमाई,  शैलेन्द्र नौटियाल,  मोहन डबराल,  शैलेन्द्र मटूड़ा, उतम गुसाईं, रजनी चौहान,प्रताप सिंह बिष्ट, साहित्यकार महावीर रवांल्टा, दिनेश् चौहान, भूपेन्द्र चौहान, कृष्णानंद बिजल्वाण, विजयपाल मखलोगा,सुरेंद्र गंगाड़ी,उमेश प्रसाद बहुगुणा आदि मौजूद रहे । 

  U Times

फिल्म अभिनेत्री मधुरिमा के संग खिंचवाई सेल्फी

अनघा माउंटेन एसोसिएशन उत्तरकाशी की ओर से शहर के रामलीला मैदान में आयोजित मंगसीर बग्वाल कार्यक्रम के दूसरे दिन भारतीय फिल्म अभिनेत्री मधुरिमा तुली भी पारंपरिक वेशभूषा में स्थानीय लोगों के संग रासो नृत्य करती नजर आईं।

PLAY VIDEO 👆

 शहर के विश्वनाथ चौक पर रासो तांदी और माधो सिंह भंडारी की झांकी के दौरान अभिनेत्री के साथ सेल्फी खिंचवाने को प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। मधुरिमा ने सबके साथ सेल्फी लेकर फैंस को खुश किया। 

रवाईं घाटी में देवलांग की धूम

रवांई घाटी क्षेत्र में देवलांग का पर्व की धूम रही। देवलांग का यह पर्व रवांई घाटी क्षेत्र की बनाल पट्टी के गैर गांव, ठकराल पट्टी के गंगटाड़ी गांव एवं वजरी पट्टी के कुथनौर गांव में मनाया जाता है। दूसरे गांवों में मंगसीर बग्वाल के रूप में ढोल नगाड़ों की थाप पर भैलो खेल कर बग्वाल मनाई गई।

  U Times, Badkot, Gair Village

रवांई घाटी क्षेत्र के नौगांव ब्लॉक के अंतर्गत गैर, गंगटाड़ी और कुथनौर गांव में देवलांग पर्व की बुधवार को अमावस्या के दिन तैयारी की गई। रात में देवलांग की पूजा अर्चना कर रात से लेकर सुबह तक देवलांग का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। रात में देवलांग के इस ऐतिहासिक पर्व के साक्षी बनने दूर दूर से यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे तथा स्थानीय एवं आस पास के ग्रामीण रात में ढोल नगाड़ों के साथ नाच-गा कर गैर गांव राजा रघुनाथ मंदिर प्रांगण में पहुंचे, जहां देवलांग पर्व में शामिल हुए।

 इस दौरान भारी संख्या में मेलार्थी देवलांग मेले में शामिल रहे। वहीं गंगटाड़ी और कुथनौर में भी बड़े धूमधाम के साथ देवलांग का पर्व मनाया गया। साथ ही क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में मंगसीर कई बग्वाल भैलो खेल कर मनाई गई तथा लोगों ने खूब रासो व तांदी नृत्य भी किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ