Ad

Ad
Powered by U Times

चिन्यालीसौड़ में सुनीता के परिवार को चार लाख की आर्थिक सहायता, यमुनोत्री में एमपी के यात्री की मौत

U Times, उत्तरकाशी

धरासू रेंज के अंतर्गत बड़ी मणी के जंगल में बाघ के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनीता की मौत के बाद जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे। डीएफओ पुनीत तोमर ने पीड़ित परिवार को मौके पर 50 हज़ार रुपए नगद सहायता धनराशि प्रदान की तथा साढ़े तीन लाख रुपए जल्द चेक के माध्यम से भुगतान का आश्वासन दिया। 

ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार से एक व्यक्ति को नौकरी देने की मांग भी रखी। क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया गया है।


 File Photo: Sunita 

रविवार को गांव पहुंचे अधिकारियों से आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल आदमखोर बाघ को पकड़ने की मांग रखी। शनिवार देर शाम लगभग 6 बजे   थाना धरासू के ग्राम बड़ी मणी में गांव के पास से लगे हुये जंगल में घास काटने गयी सुनीता देवी पत्नी सुंदर लाल उम्र 32 वर्ष पर बाघ ने जानलेवा हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। गांव में गुलदार के हमले के बाद दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों की मांग पर सुबह डीएफओ पुनीत तोमर, एसडीओ मयंक गर्ग, रेंजर धरासू नागेंद्र रावत और एसडीएम डुंडा मीनाक्षी पटवाल घटनास्थल पर पहुंचे। जहां पर ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सुनीता परिवार की एक मात्र कमाने वाली सदस्य थी। अब पीड़ित परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी मिले। वहीं वन विभाग से आदमखोर गुलदार को तत्काल पकड़ने या मार देने की बात अधिकारियों से कही। 

पिंजरा लगाने के बाद डीएफओ ने कहा कि बाघ की गतिविधियों को कैद करने के लिए घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।  वहीं जंगल से घिरे गांव मे चारों तरफ सौर ऊर्जा की लाइटें भी लगाने का आश्वासन लिखित में दिया। अधिकारियों द्वारा दिए गए तमाम आश्वासन पर 15 दिन के भीतर कार्यवाही न होने पर ग्रामीणों ने आन्दोलन की चेतावनी भी दी। 

इस मौके पर किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष शीशपाल रमोला, जिला पंचायत सदस्य अरविन्द लाल, ग्राम प्रधान मनजीत चंद रमोला, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम रमोला, सामाजिक कार्यकर्ता दलबीर चन्द रमोला, प्रधान प्रतिनिधि छोटी मणी गुलाबचंद रमोला, कमल लाल, श्रीचंद रमोला आदि मौजूद थे।

यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर मध्यप्रदेश के यात्री की मौत

 यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए मध्यप्रदेश निवासी एक तीर्थ यात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गई, पुलिस ने मृत यात्री का पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। 

जानकारी के अनुसार शनिवार को यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए गुना, बांस खेड़ी, मध्यप्रदेश निवासी यात्री राजेश कुमार (52) पुत्र बलवीर सिंह की यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर अचानक तबियत खराब हुई। परिजनों ने उक्त यात्री को देर शाम जानकी चट्टी राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय में उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन तब तक यात्री की मृत्यु हो गई। चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब तक दोनों धाम में 12 यात्रियों की मौत हो चुकी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ