Ad

Ad
Powered by U Times

नाबालिग से शादी की जिद लेकर चिन्यालीसौड़ के आर्क ब्रिज पर चढ़ा युवक, पुलिस ने जेल भेजा

U Times, चिन्यालीसौड़

आशिकी का भूत सवार हो जाए तो इंसान कुछ भी कर गुजरने को तैयार हो जाता है। शुक्रवार की सुबह एक युवक या फिर यूं कह लीजिए कि एक आशिक चिन्यालीसौड़ के आर्क ब्रिज पर चढ़ गया। नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग का मामला होने के कारण युवक शादी की जिद पर अड़ा था। आर्क ब्रिज पर चढ़ा युवक करीब चार घंटे तक पुलिस के लिए सिरदर्द बना रहा। किसी तरह पुलिस ने समझा बुझाकर उसे नीचे उतरवाया। नीचे उतरने पर हाथ लगते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

 U Times, No.1

युवक कहीं नदी में छलांग न लगा दे, इसके लिए एसडीआरएफ की एक टुकड़ी भी उपकरणों सहित मौके पर तैनात रही। जानकारी के अनुसार, शैलेश पुत्र पूलम लाल (20) निवासी ग्राम अदनी पोस्ट रौंतल, चिन्यालीसौड़ का किसी नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग है। दोनों अलग-अलग जाति के बताए जाते हैं। 

सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले वह लड़की को साथ लेकर अपने गांव भी गया। लेकिन लड़की के माता पिता को भनक लगते ही वह उसे साथ लेकर हरिद्वार चले गए। हालांकि, लड़की भी उत्तरकाशी जिले की रहने वाली है। शादी के लिए लड़की के माता पिता सहमत नहीं हुए। जिससे दुखी होकर शैलेश सुबह दस बजे आर्क ब्रिज पर चढ़कर उससे शादी की जिद पर अड़ गया। 

U Times

धरासू थानाध्यक्ष प्रमोद उनियाल ने बताया कि उन्हें शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि एक व्यक्ति आर्क ब्रिज पर चढ़ रहा है। यदि उसे नहीं रोका गया तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है। सूचना मिलने पर पुलिस आर्क ब्रिज पहुंची और उसे नीचे उतरवाने के प्रयास में जुट गई। शैलेश जिद कर रहा था कि प्रशासन लड़की को बुलाए और उससे शादी के लिए बोले। यदि ऐसा नहीं हुआ तो आर्क ब्रिज से नीचे कूद कर जान दे देगा। इससे प्रशासन भी सकते में आ गया। 

थानाध्यक्ष उनियाल ने शैलेश को फोन किया और उसे प्यार से समझा बुझाकर नीचे उतरने को कहा। उन्होंने उसे आश्वासन दिया कि उसकी मांग पूरी की जाएगी। जिसके बाद वह दोपहर करीब एक बजे नीचे उतर गया। लगे हाथ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ