Ad

Ad
Powered by U Times

उत्तरकाशी: चुनावी दौर में कांग्रेस को लगातार झटके, दो पूर्व विधायक के कल-परसों में बीजेपी में शामिल होने की चर्चा से गरमाई राजनीति

प्रकाश रांगड़, उत्तरकाशी

लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले उत्तरकाशी जनपद में कांग्रेस पार्टी को लगातार झटके लग रहे हैं। आधी से ज्यादा कांग्रेस भाजपा में परिवर्तित हो चुकी है। चुनावी तैयारी के बीच आचार संहिता लगते लगते अब कांग्रेस के दो तीन बड़े नेताओं के भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में खिसकने की चर्चा आम है। 

इनमें गंगोत्री विधानसभा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के कल तक भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं से उत्तरकाशी का सियासी माहौल खासा गरमाया हुआ है। विश्वसनीय सूत्रों ने इस बात की पुष्टि भी की है। पुरोला विधानसभा से भी पूर्व विधायक मालचंद के भाजपा में शामिल होने की चर्चा है।

पढ़ें: पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया, बीजेपी में होंगे शामिल 

U Times, No.1

ऐसे में उत्तरकाशी की राजनीति में इसे कांग्रेस के लिए सबसे बुरे दौर के तौर पर देखा जा रहा है। एक तरह से उत्तरकाशी में विपक्ष के तौर पर कांग्रेस पार्टी का राजनीतिक अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। पार्टी की भविष्य की राजनीति पर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं। 

वैसे देखा जाए तो इसी साल उत्तरकाशी जनपद में कांग्रेस से अधिकांश लोग भाजपा का दामन थाम चुके हैं। हाल ही में बीते 11 मार्च पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल भी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो चुके हैं। 

शुक्रवार को उत्तरकाशी की पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष रहीं जयेंद्री राणा भी पार्टी के कार्यालय उद्घाटन के मौके पर भाजपा में शामिल हो गईं। हालांकि वह किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं थीं। इससे पहले गंगोत्री विधानसभा में पूर्व प्रमुख वरदेई रावत, पूर्व सभासद सविता भट्ट, भटवाड़ी के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख सहित करीब 200 लोग कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले गए। 

पुरोला विधानसभा में भी बीते माह कई युवाओं ने भाजपा का दामन थामा। अब आने वाले एकाध दिन में बड़े नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चा कांग्रेस को फिर से बड़ा झटका देने जा रही है। 

कुल मिलाकर उत्तरकाशी जनपद में लगभग पूरी कांग्रेस अब भाजपा मय हो चुकी है। कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं के भाजपा में शामिल होने से भविष्य में जिले की तीनों विधानसभा में चुनावी समीकरणों पर भी खासा असर पड़ेगा, यह तय है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ