Ad

Ad
Powered by U Times

यमुनोत्री की यात्रा व्यवस्था देखने पहुंचे सीएम धामी, सीएम को अपने बीच पाकर यात्रियों में जबरदस्त उत्साह

U Times, उत्तरकाशी/बड़कोट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार यमुनोत्री क्षेत्र का भ्रमण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर चारधाम यात्रा के बारे में फीड बैक लिया। 

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर देश के विभिन्न हिस्सों से आये तीर्थयात्री बेहद खुश दिखे। यात्री सीएम के साथ सेल्फी खिंचवाने में लग गए। साथ ही सरकार की चारधाम यात्रा के प्रयासों की जमकर सराहना की।

U Times, No.1

सीएम धामी ने कहा कि शासन प्रशासन ने धाम में इस बार यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया है। धाम में शुरुआत से ही भीड़ को देखते हुए बिना पंजीकरण के यात्रा की अनुमति नहीं दिए जाने का निर्णय लिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार के लिए सदैव तत्पर है। लेकिन धामों की मर्यादाओं और भौगोलिक विशिष्टताओं के कारण तात्कालिक तौर पर यात्रा को नियमित करना जरूरी हो गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने यमुनोत्री मार्ग पर खरादी होते हुए पालीगाड तक सड़क मार्ग से निरीक्षण किया। पालीगाड में मुख्यमंत्री ने यात्रियों से भेंट कर यात्रा के बारे में उनके अनुभवों का सुना। 

बिना पंजीकरण के हरगिज यात्रा की अनुमति न दें: सीएम

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना पंजीकरण व पंजीकृत शेड्यूल से इतर यात्रा करने की कतई अनुमति न दी जाय, लेकिन जो लोग यात्रा रूट पर काफी आगे बढ चुके हैं उन्हें धामों का दर्शन करने की सुविधा देने का रास्ता तलाशा जाय। अपने भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम सहित खरसाली व जानकीचट्टी क्षेत्र का हवाई निरीक्षण भी किया। 

आयुक्त गढ़वाल, डीएम व एसपी ने सीएम को बताई यात्रा व्यवस्था 

इस अवसर पर आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट और पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने यात्रा व्यवस्था व प्रबंधन तथा वाहनों की आवाजाही के विनियमन को लेकर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। 

बैठक में बताया गया कि यात्रा मार्ग पर वाहनों के दबाव को देखते हुए वाहनों के ठहराव स्थलों एवं ठहराव समय की निरंतर समीक्षा कर इसमें यात्रियों की सुविधा का ध्यान रख व्यावहारिक बदलाव किए जा रहे हैं। यातायात में शुरूआत दिनों में आई समस्या को अब दूर कर लिया गया है और यमुनोत्री व गंगोत्री धाम की यात्रा सुचारू व सुव्यस्थित रूप से संचालित हो रही है।

एक हफ्ते में यमुनोत्री-गंगोत्री धाम डेढ़ लाख से अधिक तीर्थयात्री पार 

यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। दोनों धामों में 7 दिन के भीतर 1 लाख 56 हजार 465 तीर्थयात्री दर्शन को पहुंच चुके हैं। यह संख्या दोनों धाम में शुरुआत के दिनों में बड़ा रिकॉर्ड है। प्रशासन द्वारा होल्डिंग सिस्टम बनाते हुए तीर्थयात्रियों को सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा कराई जा रही। इस व्यवस्था का तीर्थयात्री भी स्वागत कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ