Ad

Ad
Powered by U Times

मेरी ब्यतुली मेरी लाड़ी लठ्याली... मां गंगा की विदाई पर रोया मुखबा गांव

प्रकाश रांगड़, मुखबा (उत्तरकाशी)

बृहस्पतिवार को मायके मुखबा गांव से श्रद्धालुओं के भारी जलसे के साथ मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई।

मां के गंगोत्री प्रस्थान पर मुखबा गांव में भावुक क्षण रहा। महिलाएं मां को विदा करते वक्त भावुक हो गईं। हो भी क्यों ना, मुखबा वासियों के लिए मां गंगा बेटी की तरह है, जिसे हर साल बेटी की तरह विदा किया जाता है। विदाई पर मुखबा वासियों की आंखों में आंसू छलक आए। 

U Times, No.1

पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सवा मन (50 किलो) कलेऊ (स्थानीय पकवान) देकर दोपहर 12:25 पर मुखबा के ग्रामीणों ने मां गंगा को विदाई दी। शुक्रवार को अक्षय तृतीया पर्व पर शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ठीक 12:25 पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री मंदिर के कपाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

बृहस्पतिवार को मुखबा गांव में सुबह से ही मां गंगा की विदाई की तैयारियां शुरू हो गई थीं। सुबह विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद गंगा की उत्सव डोली को सजाया गया। इसके बाद तय मुहूर्त के अनुसार 12:20 बजे मां गंगा की उत्सव डोली आर्मी बैंड एवं स्थानीय वाद्य यंत्रों की धुन पर मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। 

गंगा की डोली यात्रा में मुखबा, धराली, हर्षिल समेत उपला टकनौर के ग्रामीणों सहित उत्तरकाशी के लोग और तीर्थयात्री शामिल हुए। मार्कण्डेय स्थित दुर्गा मंदिर में पहुंचने के बाद मां गंगा के साथ भक्तों ने अल्प विश्राम किया। मुखबा के प्राचीन पैदल यात्रा पथ से होते हुए डोली जांगला पुल के पास पहुंची। जहां से मां गंगा सनातनी फाउंडेशन की ओर से भेंट किए गए गंगा रथ पर सवार हुई और शाम को भैरों घाटी पहुंची। यहां भंडारे के साथ रात्रि जागरण की व्यवस्था की गई है। यहां पूरी रात भजन-कीर्तन किया जाएगा। 

फोटो: गंगोत्री में कपाटोद्घाटन की तैयारी 

मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल और दीपक सेमवाल ने बताया कि शुक्रवार को तड़के डोली यात्रा गंगोत्री के लिए रवाना होगी। जहां विधिवत पूजा अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 12:25 बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। 

इस मौके पर गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, वासुदेव, समेश, मदरांचल, दिनेश सेमवाल, हरदीप शरन, सूर्या सेमवाल, निखिलेश सेमवाल, सुरेश, महेश सेमवाल, राजेश सेमवाल सहित पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी, सीडीओ जय किशन आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ