Ad

Ad
Powered by U Times

गंगोत्री में क्षमता से अधिक यात्री पहुंचे, 100 किमी एरिया में वाहनों की लंबी कतारें लगी, यात्री हलकान

U Times, उत्तरकाशी

यमुनोत्री के बाद गंगोत्री धाम में भारी जाम की स्थिति ने ज़िला प्रशासन और पुलिस के यात्रा इंतजामों पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। गंगोत्री दर्शन को सोमवार क्षमता से अधिक यात्री उमड़ पड़े। इससे यात्रा रूट पर ट्रैफिक बढ़ गया। लिहाजा उत्तरकाशी से लेकर गंगोत्री तक विभिन्न जगहों में वाहनों के भारी जाम से धाम की यात्रा चरमरा उठी। 

U Times, No.1

फोटो: उत्तरकाशी रामलीला गेट के पास हाईवे पर यात्रियों को। रोकती पुलिस।

तड़के से लेकर शाम तक भी जाम न खुलने से यात्री वाहन जगह जगह रोके गए। उत्तरकाशी से एक भी यात्री वाहन गंगोत्री नहीं पहुंच पाया। न ही गंगोत्री से लौटने वाले वाहन नीचे आ सके। भीड़ बढ़ने का कारण यात्रियों के गत रविवार को जाम के कारण यमुनोत्री के विभिन्न बायपास से होकर सीधे गंगोत्री का रुख करना माना जा रहा है। 

जाम के कारण धाम दर्शन से वंचित यात्रियों का यात्रा शेड्यूल और बजट गड़बड़ाने पर उनमें खासा आक्रोश पनपता दिखा। सोनगाड़ के पास यात्रियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। यात्रियों ने आरोप लगाए कि प्रशासन की तरफ से ढंग की यात्रा सुविधा धामों में नहीं है। सुबह से सड़कों पर फंसे हैं। कोई पूछने वाला नहीं है। 

यात्रा मार्ग पर यहां लगा है भारी जाम 

गंगनानी से लेकर सोनगाड, सोनगाड़ से सुक्की, झाला और हर्षिल के बीच लंबी कतार लगी पड़ी है। करीब 60 किमी हिस्से में बड़ा जाम लगा है। राजमार्ग के दोनों ओर जाम के कारण इलाके में करीब 900 यात्री वाहन फंसे है। इसके अलावा नीचे की ओर यात्रा मार्गों पर वाहन रोकने पर जाम की स्थिति बनी है।

एसपी बोले, ट्रैफिक रुका नहीं, धीरे धीरे पास हो रहे वाहन 

एसपी अर्पण यदुवंशी का कहना है कि जाम के कारण आज दोपहर में ही यात्री वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने को कहा गया। जाम की वजह से किसी को भी आगे नहीं जाने दिया गया। जो जहां था, उसे वहीं रोका है। ऐसा नहीं है कि ट्रैफिक रुका है, गेट सिस्टम से यात्री वाहन धीरे धीरे मूव हो रहे हैं। गंगनानी, सोनगाड़ और सुक्की, झाला के बीच गेट सिस्टम लागू है। रात में जाम क्लीयर करवाकर मंगलवार सुबह तीन बजे के बाद रोके गए सभी यात्रियों को गंगोत्री के लिए भेजा जाएगा।

बुकिंग वाले वाहन छोड़े जा रहे


पुलिस के अनुसार, जिन यात्रियों की होटलों में कहीं पर बुकिंग है, उनको आगे मूव ऑन होने दिया जा रहा है। 

 डीएम बोले, यात्रियों को रोका है, मगर रहने, खाने पीने की व्यवस्था पूरी 

डीएम डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि यात्रियों को आगे जाने से दिन में ही रोक दिया था। बिना बुकिंग वाले सभी यात्रियों की रहने, खाने, पीने आदि की व्यवस्था प्रशासन ने की है। सिंगल रूट पर वाहनों का दबाव बढ़ने से ऐसे हालात पैदा हुए हैं। सुबह सभी रोके गए यात्रियों को गंगोत्री भेजने के लिए कटिबद्ध हैं। 

लूट खसोट का लगाया आरोप 

यात्रा मार्गों पर जाम से परेशान यात्रियों को ओवर रेट ने भी मुश्किल में डाला है। यात्रियों का कहना है कि जाम के बीच कहीं रुकने पर उनसे पानी की बोतल के 30 से 50 रूपए, चाय कप के 25 से 30 रूपए वसूले जा रहे हैं। शौचालय भी गंदे पड़े हैं। 

यूपी आगरा के अशोक, संजय सिंह, छत्तीसगढ़ के रघुनाथ गुप्ता, हरिराम का कहना है कि ऐसी अव्यवस्था उन्होंने धामों में पहले कभी नहीं देखी। उधार लेकर यात्रा करनी पड़ रही है। ऊपर से दुकानदार और होटल वाले मनमाना दाम लेकर लूट रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ