Ad

Ad
Powered by U Times

कोई ढंग से संज्ञान ले तो नप जाएंगे डीएम-एसपी, उत्तरकाशी में कूड़ा निस्तारण पर महासभा में बोले शहरवासी !

प्रकाश रांगड़, उत्तरकाशी

मान्यवर, पहले भी नगरपालिका में अध्यक्ष रहे हैं। कूड़ा हमेशा गंगोरी-तेखला गदेरे में डंप हुआ, कोई परेशानी नहीं हुई। आज ही ऐसी नौबत क्यों आई है, कि सारा शहर परेशान है। आप तांबाखाणी में गंगोत्री हाईवे पर कूड़ा डंप कर रहे हैं, ये बेहद गंभीर मामला हो सकता है। इसका कोई ढंग से संज्ञान ले, तो सबसे पहले डीएम और एसपी नप जाएंगे। बात मानो, जहां पहले कूड़ा डंप हो रहा था, वहीं डालना शुरू कर दो। उत्तरकाशी में बुधवार को नगर पालिका बाड़ाहाट सभागार में कूड़ा निस्तारण को लेकर बुलाई महासभा में शहरवासियों की तरफ से कुछ इस तरह के सुझाव रखे गए। यहां कूड़े पर बुलाई महासभा में प्रशासन, पालिका प्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच प्रतिक्रियाओं का खासा महासंग्राम देखने को मिला। कुछ लोगों ने अधिकारियों और प्रतिनिधियों को मुंह पर ही खरी खोटी सुना डाली। कहा कि आप को जनता ने कुर्सी पर बिठाया है, किसलिए? कुछ समाधान निकालिए मान्यवर और शहर को कचरे की समस्या से निजात दिलाइए। कुछ भी करो, तांबाखाणी से कूड़ा हटना चाहिए। नहीं तो हाईवे जाम कर देंगे, फिर मत कहिएगा।

ये भी पढ़ें: दयारा पर कुदरत ने खूब लुटाया खजाना

U Times: खबरों में No.1

बुधवार को तय कार्यक्रमानुसार सुबह 11 बजे पालिका सभागार में सीडीओ गौरव कुमार की अध्यक्षता में महासभा शुरू हुई। इसके बाद विभिन्न संगठन के लोगों ने एक-एक कर कूड़े पर अपना पक्ष रखना शुरू किया। इस दौरान तीखी प्रतिक्रियाओं के बीच तांबाखाणी के नजदीकी बस्ती में कूड़े की बदबू से परेशान स्थानीय लोगों ने कहा कि पालिका प्रशासन ने सिर्फ छह माह के लिए तांबाखाणी के बाहर कूड़ा डालने का आश्वासन दिया था, लेकिन साढ़े तीन साल बीत गए कूड़ा आज भी वहीं डंप किया जा रहा है। जिससे लोग खासे परेशान हैं। बैठक में लोगों ने सुझाव दिए कि पालिका सेग्रीगेशन कर कूड़े का निस्तारण करे।

 Photo: U Times

पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णुपाल सिंह रावत ने कहा कि पालिका की ओर से कुछ सालों पहले गंगोरी तेखला गदेरे में कूड़ा डंप किया जा रहा था, फिर से वहीं कूड़ा डंप किया जाना चाहिए। गंगोत्री हाईवे पर कूड़ा डंप करना अपने आप में गंभीर मामला है। पालिका प्रशासन ने दलील कि जहां भी कूड़ा डंप किया जा रहा है, लोग विरोध कर रहे हैं। तीन जगहों से हाईकोर्ट का स्टे आ चुका है। इस पर महासभा में पहुंचे ओम ग्रुप के संस्थापक अमरीकन पुरी ने कहा कि यदि तांबाखाणी में भी कल को हाईकोर्ट का स्टे आ गया, तो क्या करोगे? क्योंकि नदी के ऊपर कूड़ा डंप करना भी कहीं ना कहीं एनजीटी के मानकों का उल्लंघन है। इस पर पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल खासे नाराज हो गए और उन्होंने कह दिया कि अगर ऐसा हुआ तो रोड पर ही कूड़ा डंप कर देंगे। महासभा के अंत में डीएम अभिषेक रुहेला भी यहां पहुंचे और उन्होंने पालिका को कहा कि फिलहाल वार्ड वार कूड़े का सही ढंग से सेग्रीगेशन करें और वहीं खाली स्थानों पर डंप करें। पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल ने कहा कि महासभा बुलाई ही इसलिए है, ताकि आम लोगों की राय और सहमति से कुछ कदम उठाए जाएं। बाकी काम तो पालिका बोर्ड ने ही करना है। इस मौके पर शहर के तमाम संगठनों के लोग महासभा का हिस्सा बने। जाहिर है, पालिका और प्रशासन कूड़ा निस्तारण पर महासभा में भी कोई ठोस समाधान नहीं निकाल पाई। बैठक में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता, वरिष्ठ कामरेड नागेंद्र दत्त थपलियाल, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चौहान, यशपाल वशिष्ठ, लोकेंद्र सिंह बिष्ट, अमरीकन पुरी, महेश पंवार, महेश भट्ट, प्रताप बिष्ट संघर्ष, सुभाष बडोनी, उत्तरकाशी जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष शिव सिंह थलवाल आदि ने भी प्रमुखता से अपने सुझाव रखे।

Main menu पर जाएं, और खबरें पढ़ें

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ